नॉएडा प्राधिकरण में सीईओ के बदले जाने का असर अब नॉएडा प्राधिकरण की कार्य शैली पर दिख रहा है। नए सीईओ कृष्णा करुणेश के निर्देशों के बाद नॉएडा प्राधिकरण जहाँ इन दिनों अवैध अतिक्रमण पर बेहद सख्त हो गया है, वहीं सफाई को लेकर भी अधिकारी सड़कों पर उतर रहे हैं।
मंगल वार को ऐसे ही एक घटनाक्रम में भंगेल में एलिवेटेड के नीचे जब एक महिला कूड़ा डालने को पहुंची, तब यहां निरीक्षण को पहुंचे प्राधिकरण के DGM विजय रावल भी मौजूद थे। DGM ने कूड़ा नहीं डालने दिया और कहा कि पहले से पड़ा कूड़ा भी उठेगा सफ़ाई होगी।
विजय रावल ने स्पस्ट कहा कि नागरिकों को भी अपनी ज़िम्मेदारी समझनी होगी। इससे पहले प्राधिकरण सोमवार को वर्क सर्किल-1 से 10 के क्षेत्रान्तर्गत अतिक्रमण हटाया गया। नोएडा क्षेत्र में सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों को सुगम और जाम-फ्री बनाने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण ने प्रतिदिन अतिक्रमण-उन्मूलन अभियान चलाने की योजना बनाई है।
प्रत्येक वर्क सर्किल को अलग-अलग 1 जेसीबी मशीन और 1 डम्पर उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि अनधिकृत व अवैध वेण्डर्स, ठेली-पटरियों आदि को हटाकर नागरिकों को बाधा-रहित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। विदित हो कि प्रायः विभिन्न स्रोतों जनमानस, आरडब्ल्यूए, फोन कॉल्स, औद्योगिक संगठनों एवं अन्य माध्यमों से अनधिकृत वेण्डर्स की शिकायतें प्राप्त होती रहती हैं।
इन शिकायतों के निराकरण हेतु प्राधिकरण ने यह पहल की है, जिसके अन्तर्गत दैनिक रिपोर्ट आधारित नियमित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। नोएडा प्राधिकरण के इस कदम से नागरिकों को साफ-सुथरी और जाम-फ्री सड़कें मिलने की उम्मीद है।


