नोएडा। शहर में जगह-जगह खुले पड़े सीवर और गहरे नाले स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। इस जानलेवा लापरवाही के खिलाफ अब उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने मोर्चा खोल दिया है, और नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ ‘आर-पार की लड़ाई’ की घोषणा की है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन के नेतृत्व में यह मुहिम शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य इन खतरनाक ढांचों को तुरंत ठीक करवाना है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों, विशेषकर सेक्टर 101 और 78 में, खुले सीवर और नाले बड़े हादसों को खुला निमंत्रण दे रहे हैं। ये स्थान न केवल सामान्य राहगीरों, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से जानलेवा साबित हो रहे हैं।
विकास जैन ने इस संबंध में अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि, “नोएडा प्राधिकरण से बार-बार अनुरोध करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारियों की इस ‘कुंभकर्णी नींद’ के कारण शहरवासी और व्यापारी वर्ग खुद को लगातार असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इन खुले गड्ढों के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।” उन्होंने सीवरेज को प्लास्टिक के ढक्कनों से ढककर लोगों की जान से खिलवाड़ करने के तरीके पर भी गंभीर सवाल उठाए, जिसे वे एक बड़ी लापरवाही मानते हैं।

सीवरेज को प्लास्टिक के ढक्कन से ढक्कर किया जा रहा है लोगों की जान से खिलवाड़ l
नोएडा प्राधिकरण से बार-बार अनुरोध के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अधिकारियों की इस कुंभकर्णी नींद के कारण शहरवासी और व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
नोएडा प्राधिकरण जाग जाओ l
प्राधिकरण की इस उदासीनता से क्षुब्ध होकर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल ने अब नोएडा अथॉरिटी के घेराव का निर्णय लिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन खुले सीवरों को सुरक्षित रूप से ढका नहीं गया और शहर में सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो सैकड़ों व्यापारी सड़कों पर उतरकर व्यापक विरोध प्रदर्शन करेंगे। व्यापार मंडल ने प्राधिकरण से तुरंत जागने और इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की अपील की है ताकि शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


