ग्रेटर नोएडा: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता, खानचंद्र, का आज तड़के ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। वे 61 वर्ष के थे।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, खानचंद्र पिछले काफी समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनकी बिगड़ती तबीयत के चलते उन्हें 21 फरवरी को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान आज सुबह करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। इस दुखद खबर से क्रिकेट जगत और रिंकू सिंह के प्रशंसक स्तब्ध हैं।
खानचंद्र का पार्थिव शरीर परिवार के सदस्य लेकर उनके गृह जनपद अलीगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रिंकू सिंह की सफलता की कहानी में उनके पिता खानचंद्र का बेहद महत्वपूर्ण योगदान माना जाता रहा है। एक सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले रिंकू को क्रिकेटर बनाने के लिए उनके पिता ने हर संभव संघर्ष किया। रिंकू के प्रारंभिक दिनों की चुनौतियों और आर्थिक तंगी के बावजूद, खानचंद्र ने कभी अपने बेटे का हौसला कम नहीं होने दिया और हर कदम पर उनका साथ दिया। उनकी प्रेरणा और समर्थन ने ही रिंकू को आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।
यह दुखद समाचार क्रिकेट प्रेमियों को भावुक कर गया है। सोशल मीडिया पर फैंस और खेल जगत की हस्तियाँ रिंकू सिंह और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रही हैं। इस कठिन समय में पूरा खेल जगत रिंकू सिंह और उनके परिवार के साथ खड़ा है।


