नोएडा के सेक्टर-4 स्थित बिजली के मीटर निर्माता कंपनी कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड में बृहस्पतिवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 37 कर्मी घायल हो गए, जिनमें से तीन को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया है। आग की लपटों और धुएं से बचने के लिए कई कर्मचारियों को दूसरी और तीसरी मंजिल से कूदना पड़ा, जिससे उन्हें चोटें आईं। वहीं, कई कर्मचारी धुएं के कारण बेहोश हो गए। देर रात तक भी बेसमेंट में आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।
घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे की है, जब कंपनी की तीन मंजिला इमारत में बुधवार की रात्रि शिफ्ट में 300 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक बेसमेंट में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते दूसरे तल तक विकराल रूप ले लिया। पूरी इमारत में धुआं भर गया और तेजी से बढ़ती आग की लपटें देखकर कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई।

जान बचाने के लिए अफरातफरी में कई कर्मचारी पहली और दूसरी मंजिल से कूद गए, जिससे उनमें से कइयों के पैर टूट गए और कुछ अन्य गंभीर रूप से चोटिल हो गए। वहीं, इमारत के अंदर भागने के दौरान कई कर्मी गिर पड़े और धुएं की वजह से बेहोश हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। सबसे पहले घायल और अंदर फंसे कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में भर्ती किए गए 37 घायलों में से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कुछ धुएं से प्रभावित हुए हैं। गंभीर रूप से झुलसे तीन कर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
बृहस्पतिवार दोपहर तक पहली व दूसरी मंजिल पर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, लेकिन बेसमेंट में देर रात तक आग बुझाने का काम जारी रहा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि बेसमेंट में प्लास्टिक और प्लास्टिक के दाने बड़ी मात्रा में मौजूद थे, जिसके कारण आग रुक-रुक कर धधक रही थी और उस पर पूरी तरह काबू पाना चुनौतीपूर्ण रहा।
CFO चौबे ने यह भी बताया कि आग बेसमेंट से ही शुरू हुई थी और धुआं निकालने तथा अंदर फंसे कर्मियों को बाहर निकालने के लिए कंपनी के शीशे तोड़ने पड़े। उन्होंने कहा कि सभी फ्लोर पर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और अग्निशमन विभाग इसकी गहन जांच कर रहा है। देर रात तक आग बुझाने का काम जारी रहा और कंपनी को भारी नुकसान का अनुमान है।
वहीं जिला चिकित्सालय नोएडा से मिली जानकारी के अनुसार कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड नोएडा , गौतमबुद्धनगर में दिनांक 12 -3 -2026 को घटित घटना में जिला चिकित्सालय नोएडा के इमरजेंसी विभाग में 35 घायल मरीज़ को लाया गया 4 मरीज़ो को दिल्ली रेफर किया गया 10 मरीज़ जिला चिकित्सालय में भर्ती हे , अन्य मरीज़ो का प्राथमिक उपचार एवं प्लास्टर करने के उपरान्त छुट्टी कर दी गई और दुबारा दिखाने हेतु परामर्श दिया गया।
चिकित्सा उपचार दिया लाये गए मरीज़ो का विवरण निम्न हे
- सोनू कुमार (29 वर्ष) पुत्र श्री अयोध्या शाह
- उमेश कुमार (39 वर्ष) पुत्र श्री दया प्रसाद
- अरूण सिंह (45 वर्ष) पुत्र श्री बच्चा सिंह
- रणजीत (45 वर्ष) पुत्र श्री जोगेश्वर
- कमलेश सरकार (53 वर्ष) पुत्र श्री बच्चे लाल
- कुड्डू (24 वर्ष) पुत्र श्री मुश्ताक
- पवन (20 वर्ष) पुत्र श्री मोती लाल
- दिलीप (30 वर्ष) पुत्र श्री कृष्णा
- तरूण (23 वर्ष) पुत्र श्री तारकेश्वर
- प्रवीण कुमार (25 वर्ष) पुत्र श्री शैलेश कुमार
- उदय कुमार (26 वर्ष) पुत्र श्री भुलन शाह
- सोनु (25 वर्ष) पुत्र श्री विष्णु
- रणजीत सिंह (42 वर्ष) पुत्र श्री ऋषिलाल
- दीपक (25 वर्ष) पुत्र श्री भुवनेश्वर
- पंकज (20 वर्ष) पुत्र श्री धर्मेन्द्र
- जिगेश (40 वर्ष) पुत्र श्री सनदेव यादव
- अज्ञात (25 वर्ष) पुत्र श्री अज्ञात
- राजेश (35 वर्ष) पुत्र श्री सीताराम
- शिव नन्दन (20 वर्ष) पुत्र श्री विष्णु दयाल
- अजीत कुमार (25 वर्ष) पुत्र श्री अयोध्या
- समीम (20 वर्ष) पुत्र श्री लतीफ
- पलेश सरकार (21 वर्ष) पुत्र श्री पन्ना लाल
- सागर कुमार (27 वर्ष) पुत्र श्री सुरेन्द्र झा
- मुन्ना कुमार (27 वर्ष) पुत्र श्री महेन्द्र |
- आलोक (26 वर्ष) पुत्र श्री सुनील कुमार
- वरूण (27 वर्ष) पुत्र श्री गोवर्धन
- प्रदीप (44 वर्ष) पुत्र श्री राजेन्द्र लाल
- नीरज (23 वर्ष) पुत्र श्री सुनील
- दीपू (28 वर्ष) पुत्र श्री सोहन लाल
- आलम (26 वर्ष) पुत्र श्री मो0 आजम
- राज सिंह (27 वर्ष) पुत्र श्री जमीदार सिंह
- प्रिंस (19 पु0) श्री प्रदीप
- कमलेश (22 पु0) पुत्र श्री लाल बहादुर
- सागर (18 पु0) पुत्र श्री मनोज पासवान


