दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में सोमवार को एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हो गया, जिसमें 60 से अधिक लोगों की जान जाने की खबर है। कोलंबियाई वायुसेना का हरक्यूलिस C-130 परिवहन विमान टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में 125 लोग सवार थे, जिनमें बड़ी संख्या में सैन्य कर्मी शामिल थे।
सेना ने की 66 मौतों की पुष्टि कोलंबियाई सेना की ओर से जारी ताजा जानकारी के अनुसार, अब तक लगभग 66 जवानों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। इससे पहले प्यूर्तो लेगीजामो शहर के मेयर ने 34 मौतों की आशंका जताई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 से ज्यादा जवान अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। वायुसेना ने स्पष्ट किया कि विमान में कुल 121 लोग सवार थे, जिनमें 110 सैनिक और 11 क्रू सदस्य शामिल थे। हालांकि, कुछ अन्य रिपोर्टों में सवार लोगों की कुल संख्या 125 बताई गई है।

विस्फोटकों के चलते बचाव कार्य में आई बाधा दुर्घटना का शिकार हुआ विमान अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित हरक्यूलिस C-130 था। सैन्य सूत्रों के अनुसार, विमान में सैनिकों के साथ-साथ भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक भी ले जाया जा रहा था। विमान के क्रैश होते ही इसमें मौजूद विस्फोटकों में धमाके होने लगे, जिससे आग तेजी से फैली। इन धमाकों के कारण न केवल जान-माल का भारी नुकसान हुआ, बल्कि राहत और बचाव कर्मियों को भी घटनास्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हादसे का स्थान और बचाव अभियान यह हादसा कोलंबिया के पुटुमायो प्रांत स्थित प्यूर्तो लेगुइजामो में हुआ, जो अमेजन क्षेत्र का हिस्सा है और इक्वाडोर व पेरू की सीमाओं के करीब स्थित है। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि विमान सैनिकों को पुटुमायो के ही एक अन्य शहर में ले जा रहा था।
घटनास्थल से धुएं के गुबार उठते हुए देखे गए, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। वायुसेना ने बताया कि दुर्घटनास्थल से कम से कम 77 लोगों को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुराने विमानों का इस्तेमाल हरक्यूलिस C-130 मॉडल के इन विमानों का निर्माण 1950 के दशक में शुरू हुआ था और कोलंबिया ने इन्हें 1960 के दशक के अंत में अपनी सेना में शामिल किया था। वर्तमान में इन विमानों का मुख्य रूप से सैनिकों और रसद के परिवहन के लिए उपयोग किया जा रहा है।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि अधिकारी अभी भी हताहतों की अंतिम संख्या और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं। इस त्रासदी ने कोलंबियाई सैन्य खेमे और पूरे देश को शोक में डुबो दिया है।


