उत्तर प्रदेश की औद्योगिक राजधानी गौतम बुध नगर में यूपी की सबसे बड़ी फिल्म सिटी का सपना जल्द पूरा होगा ! धुरंधर और धुरंधर 2 जैसी फिल्म देने वाले आदित्य धर देश की सबसे बड़ी म्यूजिक और फिल्म कंपनी टी-सीरीज के साथ मिलकर इसको शुरू करेंगे । मंगलवार शाम लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ आदित्य धर, यामी गौतम और टी-सीरीज के भूषण कुमार ने मुलाकात की । जहां उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए 20000 करोड़ इन्वेस्ट करने की इच्छा जताई।
सूत्रों की माने तो हॉलीवुड के स्तर की फिल्म धुरंधर की सफलता के बाद आदित्य धर भारत में भी हॉलीवुड की तरह स्टूडियो का निर्माण करना चाहते हैं उनका कहना है कि मुंबई में ऐसी सुविधाओं के साथ काम करना मुश्किल है । दरअसल धुरंधर टू द रिवेंज की शूटिंग के दौरान बीएमसी के साथ हुए एक मतभेद में आदित्य धर को शूटिंग का लगाया हुआ सेट हटाना पड़ा था जिसके बाद आदित्य धर फिल्म के रिलीज होने और धूम मचाने का इंतजार कर रहे थे। अब जब फिल्म 1500 करोड़ कमा कर रोज नए कीर्तिमान बना रही है तो आदित्य धर ने टी -सीरीज के साथ अपने नए प्रोजेक्ट का खुलासा कर दिया है ।
लखनऊ के सूत्रों के अनुसार भूषण कुमार और आदित्य धर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भरोसा दिलाया है कि वह यमुना प्राधिकरण में बन रही एक अन्य फिल्म सिटी की तरह 5 साल तक शुरू ही न कर पाने वाला काम नहीं करेंगे। आदित्य धर इस पूरे प्रोजेक्ट को 1 साल के रिकॉर्ड टाइम में पूरा कर लेना चाहते हैं क्योंकि उसके बाद 2027 में उन्हें चंद्रगुप्त मौर्य, सम्राट विक्रमादित्य को लेकर बनाए जाने वाली फिल्म पर काम करना है । भूषण ने भी कहा कि पहली बार भी हम फिल्म सिटी के लिए रेस में थे किन्तु कुछ लोगो ने अकल्पनीय वादों के साथ सरकार के साथ समझोता तो किया किन्तु उसे पूरा नहीं कर सके अब टी -सीरीज इसको बनाकर यूपी में नयी फिल्म सिटी बनाकर दिखायेगा।
बहुत कम लोगों को पता है कि धुरंधर टू द रिवेंज के म्यूजिक में संगीतकार शाश्वत सचदेव के साथ रीमिक्स करने वाले गानों के सजेशन के लिए भूषण कुमार का विशेष योगदान है। संगीत की दुनिया में कानसेन के नाम से मशहूर भूषण कुमार के कहने पर ही ‘हम प्यार करने वाले, तम्मा तम्मा लोगे, कभी बेकसी ने मारा और ओए ओए’ जैसे गानों को शाश्वत ने रीमिक्स के लिए लिया। धुरंधर 2 के निर्माण के दौरान ही आदित्य धर और भूषण कुमार के बीच फिल्म सिटी को लेकर बड़ी अंडरस्टैंडिंग बनी और दोनों ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री से मिलकर फिल्म को टैक्स फ्री करने की जगह स्टूडियो बनाने के लिए भूमि मांग ली।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात इन्वेस्ट यूपी के साथ इसके लिए एमओयू साइन कर दिया गया है। आपको बता दें कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 1000 एकड़ में फिल्म सिटी को बनाया जाना था जिसमें मात्र 231 एकड़ के लिए मुंबई के एक फिल्म निर्माता को एक बिल्डर के साथ काम दिया गया था किंतु 4 साल बीतने के बावजूद आज तक वह फिल्म सिटी का निर्माण नहीं कर पाए ऐसे में यूपी सरकार में बचे हुए 770 एकड़ जमीन के लिए आदित्याधर की के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है । सब कुछ सही रहा तो 24 अप्रैल को यमुना प्राधिकरण के रजत जयंती स्थापना दिवस पर इसका शिलान्यास प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार इस फिल्म सिटी में बड़े स्टूडियो के साथ-साथ डिज्नीलैंड जैसा पार्क भी बनाया जाएगा जहां लोग फिल्म से संबंधित बारीकियां को समझ सकेंगे इसके साथ ही आदित्य धर टी-सीरीज के साथ मिलकर फिल्म मेकिंग की यूनिवर्सिटी भी खोलेंगे आपको बता दें कि टी -सीरीज पहले ही गुलशन कुमार फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (GKFTII) के नाम से नोएडा में फिल्म इंस्टीट्यूट चला रहा है।
लखनऊ में इन्वेस्ट यूपी ने यह भी संकेत दिया है कि अगर आदित्य घर अगले 6 महीने में सही दिशा में बड़े और पुराने फिल्म सिटी को लेकर काम आगे नहीं बढ़ा तो बचा हुआ 230 एकड़ भी उन्हीं को दे दिया जाएगा। इस पूरे प्रोजेक्ट के लिए विशेष तौर पर यमुना प्राधिकरण के पूर्व सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह को फिर से लाकर नोडल अधिकारी बनाया जा रहा है । वह लखनऊ में मनोज कुमार सिंह के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में आ रहे इन्वेस्टमेंट की प्रगति की रिपोर्ट्स को हैंडल करेंगे ।
इस पूरे प्रकरण पर यमुना प्राधिकरण में संपर्क करने पर अधिकारियों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। जानकारी आ रही है कि कुछ ने अपने त्यागपत्र मुख्यमंत्री को भेज दिए है। पाठक भी इस समाचार को अपने ही रिस्क पर पढ़े क्योंकि फर्स्ट अप्रैल को आने वाले ऐसे समाचार की एनसीआर खबर कोई गारंटी नहीं लेता है । यह मात्र मूर्ख दिवस पर किया गया एक प्रैंक है


