गाजियाबाद। खोड़ा क्षेत्र में 11वीं के छात्र सूर्या प्रताप की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। मंगलवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ भारी पुलिस बल के साथ खोड़ा पहुंचे, जहां सुरक्षा व्यवस्था और अवैध निर्माणों का जायजा लिया गया।
अवैध मदरसों पर प्रशासन का कड़ा प्रहार क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि खोड़ा क्षेत्र में तीन अवैध मदरसों को चिह्नित किया गया है। इन संस्थानों को पूर्व में ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को प्रशासन द्वारा इन्हें सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
17,174 अपराधियों का होगा सत्यापन
सूर्या हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन ने पूरे देहात क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए तीन दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान शुरू किया है। एडिशनल सीपी राज करण नैय्यर और जिलाधिकारी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत 17,174 अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
अकेले खोड़ा क्षेत्र में 600 सूचीबद्ध अपराधी और 14 हिस्ट्रीशीटर पुलिस के विशेष रडार पर हैं। इस अभियान में राजस्व विभाग, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीमें भी शामिल हैं। सुरक्षा बल ड्रोन की मदद से क्षेत्र के भूगोल का भौतिक सर्वेक्षण कर रहे हैं और मेटल डिटेक्टर के जरिए संदिग्ध स्थानों की जांच की जा रही है।

मुख्य आरोपी असद के मकान पर चस्पा हुआ नोटिस
हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद, जो शनिवार रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था, के अवैध आवास पर भी प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। सोमवार को ढोल बजाकर मुनादी की गई और असद के 50 गज में बने दो मंजिला मकान पर सरकारी नोटिस चस्पा किया गया। प्रशासन ने इस निर्माण को अवैध घोषित करते हुए 15 जून तक मकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस मकान की बिक्री छह माह पूर्व हो चुकी थी, लेकिन कागजी कार्रवाई अधूरी होने के कारण वर्तमान में यह प्रशासन की रडार पर है।
विस्तृत सर्वेक्षण और आगामी योजना
प्रशासन के निर्देश पर खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र में व्यापक सर्वे करा रही है। इसमें हत्याकांड के अन्य आरोपियों की संपत्तियों और उनके द्वारा नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन का यह अभियान केवल खोड़ा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में इंदिरापुरम, साहिबाबाद, कौशांबी, शालीमार गार्डन, लिंक रोड और टीलामोड़ जैसे क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा।
पृष्ठभूमि: क्या था मामला?
ज्ञात हो कि बकरीद के दिन खोड़ा में 17 वर्षीय छात्र सूर्या प्रताप की हत्या कर दी गई थी। मामले के मुख्य आरोपी असद (19) को शनिवार देर रात वसुंधरा-खोड़ा मार्ग पर एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने ढेर कर दिया था। पुलिस के अनुसार, असद भागने की फिराक में था और उसने आत्मसमर्पण के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी थी।
वर्तमान में, प्रशासन का स्पष्ट रुख है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों और अवैध अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


