ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब आरोपी महिला सामने आई है और उसने अपनी सफाई में अजीब बयान दिया है। महिला का कहना है कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है।
सोसाइटी में रहने वाली 45 वर्षीय आरोपी महिला येशा कुमार ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि वह सोसाइटी में अकेली रहती हैं और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जाता है।
क्या है पूरा मामला?
येशा कुमार के मुताबिक, यह घटना 25 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे की है। उन्होंने ऑनलाइन कुछ सामान ऑर्डर किया था, लेकिन सिक्योरिटी गार्ड्स ने डिलीवरी बॉय को फ्लैट तक ऊपर आने से रोक दिया था। येशा का कहना है कि उन्होंने उस समय शराब पी रखी थी, इसलिए वे नीचे नहीं जाना चाहती थीं, लेकिन गार्ड्स ने उन्हें सामान लेने के लिए नीचे आने की जिद की। वायरल वीडियो में महिला गार्ड्स को गालियां देते हुए और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए धमकी देती नजर आई थी।
‘नहीं मांगूंगी माफी, मुझे किया जाता है प्रताड़ित’
अपने कृत्य पर किसी भी तरह के पछतावे से इनकार करते हुए येशा ने कहा, “मैं मानती हूं कि मैंने शराब पी रखी थी और गुस्से में थी, लेकिन मुझे किसी बात का अफसोस नहीं है। मैं माफी नहीं मांगूंगी क्योंकि मैंने कुछ गलत नहीं किया।” उन्होंने सोसाइटी के प्रबंधन और अन्य निवासियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जाता है। बिना किसी नोटिस के उनकी बिजली काट दी जाती है और घरेलू सहायिकाओं (नौकरानियों) को भी उनके घर आने से रोका जाता है।

सिक्योरिटी सुपरवाइजर अमित शर्मा का पक्ष
दूसरी ओर, सोसाइटी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर अमित शर्मा ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। अमित ने घटना को याद करते हुए बताया, “घटना के वक्त मैं मौके पर मौजूद था। महिला लगातार गालियां दे रही थी और कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। जब मैंने पुलिस को फोन करने की कोशिश की, तो उसने मुझे थप्पड़ मारा। इस दौरान मेरा मोबाइल फोन भी नीचे गिरकर टूट गया।”
अमित ने आगे कहा कि महिला ने गार्ड्स को गरीब कहकर और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया। उन्होंने कहा, “हम गरीब जरूर हैं, लेकिन मेहनत की रोजी-रोटी कमाते हैं। महिला को सभी गार्ड्स से माफी मांगनी चाहिए।”
पुलिस कार्रवाई इस मामले में पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपी महिला येशा कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 170, 126 और 135 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




