ग्रेटर नोएडा वेस्ट। बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक रेस्टोरेंट में ग्राहकों को कथित तौर पर बिना मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट के उत्पाद परोसने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि एक्सपायरी डेट की कॉफी पीने से एक युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग से शिकायत की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला बिसरख थाना क्षेत्र स्थित ‘काला नमक’ रेस्टोरेंट का है। पीड़ित युवक के परिजनों का आरोप है कि रेस्टोरेंट में कॉफी पीने के कुछ ही देर बाद युवक को उल्टी और तेज बुखार की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर जब परिजनों ने कॉफी के पाउच की जांच की, तो उस पर किसी प्रकार की मैन्युफैक्चरिंग या एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी।
मैनेजर पर बदसलूकी का आरोप
परिजनों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने इस गंभीर लापरवाही की शिकायत रेस्टोरेंट के मैनेजर आशुतोष से की, तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने बिसरख थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और खाद्य विभाग को भी इसकी सूचना दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिया संज्ञान
यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आया है। सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से प्रकरण की जानकारी प्राप्त हुई है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संबंधित रेस्टोरेंट से कॉफी के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। लैब रिपोर्ट और स्थलीय निरीक्षण के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।





