ग्रेटर नोएडा वेस्ट। गुरुवार को ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास के क्षेत्रों में अचानक आई तेज आंधी और झमाझम बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस खराब मौसम का असर इकोटेक-12 स्थित मैदान में चल रही रामलीला पर भी पड़ा है, जहां प्राप्त समाचार के अनुसार आंधी के चलते रामलीला का मुख्य मंच गिर गया है।
इस मैदान में ‘प्रभु श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट’ द्वारा आगामी 10 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2026 तक दिल्ली-NCR की सबसे भव्य रामलीलाओं में से एक का आयोजन हो रहा है। बेमौसम खराब हुए मौसम ने व्यवधान उत्पन्न कर दिया।
बारिश के बाद से ही मैदान में भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक पानी की निकासी और टूटे हुए मंच को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। ट्रस्ट के आयोजक और तकनीकी दल ग्राउंड की स्थिति को सामान्य बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं, ताकि निर्धारित समय पर भव्य आयोजन की तैयारियों में कोई बाधा न आए।


