नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके द्वारा दिल्ली में एक बार फिर प्रदर्शन के ऐलान के बीच, प्रशासनिक और सुरक्षा कारणों से कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। CJP प्रमुख ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में पहुंचने की अपील की थी, जिसे ‘लहरा दो तिरंगा’ नाम दिया गया है। हालांकि, इस आयोजन से ठीक पहले प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों को इस आंदोलन के लिए एक बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।
नई दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल (NDMC) के निदेशक द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को आम जनता के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
इस पूरे घटनाक्रम पर दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट की। DCP PRO नेहा यादव ने जानकारी दी कि CJP के इस मार्च के मद्देनजर NDMC ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अनुरोध किया है।
पुलिस के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी के इस प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा भी अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ शामिल होने की अपील की गई है। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए कनॉट प्लेस और उसके आसपास के इलाकों में पहले से ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं।
DCP PRO नेहा यादव ने बताया, “NDMC ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर सूचित किया है कि प्रशासनिक कारणों से सेंट्रल पार्क इन दो दिनों तक बंद रहेगा और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न देने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।” इसके अलावा, कनॉट प्लेस और आसपास के बाजारों के विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने भी अपनी दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस को आवेदन दिए हैं।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी ऐसी सभा में शामिल न हों जो BNSS की धारा 163 का उल्लंघन करती हो। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



