उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के आदेशों के अनुपालन में, जिला प्रशासन और पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने 01 नवंबर 2026 को ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर अवैध रूप से शराब परोसने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र-4) अभिनव शाही की टीम ने रेडिकॉन वेदान्तम कॉमर्शियल, सेक्टर-16सी, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित ‘द रॉयल स्पाइस रेस्टोरेंट’ (The Royal Spice Restaurant) पर दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि रेस्टोरेंट में बिना नियमानुसार इवेंट बार लाइसेंस (FL-11) प्राप्त किए अवैध रूप से ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने मौके से रेस्टोरेंट मैनेजर तेजस्वा कावरा (पुत्र मनीष कुमार) तथा रेस्टोरेंट के मालिकों महेश कुमार (पुत्र चन्देश्वर पंडित) और सोनू गांधी (पुत्र सतीश गांधी) को हिरासत में लिया।
छापेमारी के दौरान मौके से निम्नलिखित मदिरा जब्त की गई:
बीयर: 500 मि.ली. की 48 कैन (कुल मात्रा: 24 बल्क लीटर)
विदेशी मदिरा (यूपी मार्का): 180 मि.ली. एवं 375 मि.ली. की 26 बोतलें (कुल मात्रा: 5.265 बल्क लीटर)
अवैध मदिरा की बरामदगी और बिना लाइसेंस संचालन के मामले में आबकारी विभाग द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना बिसरख में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और बिना लाइसेंस मदिरा परोसने वाली गतिविधियों पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए इस तरह का विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।



