नोएडा/लखनऊ : नोएडा की सियासत में समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर हलचल तेज हो गई है। हाल ही में मुकेश शर्मा ने लखनऊ जाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की उपस्थिति में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। हालांकि, मुकेश शर्मा की इस एंट्री और नोएडा विधानसभा सीट से उनकी संभावित दावेदारी ने स्थानीय संगठन के भीतर अन्य महत्वाकांक्षी नेताओं के बीच असंतोष के स्वर मुखर कर दिए हैं। जिससे ऐसा लगता है कि मुकेश शर्मा ने भले ही अपनी टिकट की दावेदारी भी पक्की कर ली हो किंतु उन्हें नोएडा में ऐसे असंतुष्ट नेताओं के साथ पुराने समाजवादी कार्यकर्ताओं को भरोसे में लेने की आवश्यकता है।
पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप, तो समर्थन में भी उठे स्वर
नोएडा से समाजवादी पार्टी के टिकट की दावेदारी कर रहे वरिष्ठ नेता मनोज सिंह चौहान ने इस घटनाक्रम पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मुकेश शर्मा के एक समाचार की प्रतिक्रिया में एनसीआर खबर को भेजे एक संदेश में चौहान ने कहा, “मुकेश शर्मा जैसे नेताओं को प्राथमिकता देने का अर्थ है उन कार्यकर्ताओं की अनदेखी करना जो पिछले 20-25 वर्षों से विपरीत परिस्थितियों और भाजपा सरकार के दबाव के बावजूद पार्टी की विचारधारा के साथ खड़े रहे।”

चौहान ने अतीत का हवाला देते हुए कहा कि पहले भी विपिन मलहन, योगेंद्र शर्मा और दीपक विंग जैसे नेता बड़ी उम्मीदों के साथ पार्टी में आए थे, लेकिन आज उनका कहीं अता-पत्ता नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मुकेश शर्मा भविष्य में पार्टी के साथ टिके रहेंगे? उन्होंने पार्टी आलाकमान से आग्रह किया कि वे समर्पित कार्यकर्ताओं के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने पर विचार करें।
वहीं, संगठन का बड़ा वर्ग मुकेश शर्मा के आगमन को सकारात्मक रूप में देख रहा है। पार्टी प्रवक्ता गौरव चाचरा ने शर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से नोएडा में संगठन को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने जोर दिया कि समाजवादी पार्टी का लक्ष्य विकास और सामाजिक समरसता है, और नए साथियों के आने से जनसमस्याओं को उठाने में बल मिलेगा।
सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग और ‘जातिवाद’ के आरोप
पार्टी के भीतर यह विवाद अब सोशल मीडिया तक पहुंच गया है। नाम न छापने की शर्त पर एक कार्यकर्ता ने बताया कि कुछ ऐसे अति जातिवादी नेता जो 3-4 साल पहले भाजपा छोड़कर सपा में आए थे, वे मुकेश शर्मा का विरोध कर रहे हैं। ऐसे विरोधियों द्वारा अखिलेश यादव को लिखे गए पत्र भी वायरल किए जा रहे हैं। समर्थकों का तर्क है कि इस तरह के आंतरिक विरोध से केवल भाजपा को लाभ होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और सर्वसमाज के न्याय की बात करती है, न कि किसी विशेष जाति की राजनीति की।
आगामी रणनीति और नेतृत्व की चुप्पी
सपा सूत्रों के मुताबिक, पार्टी अगले दो से तीन दिनों में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और आंतरिक मतभेदों को सुलझाने पर चर्चा कर सकती है। आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए नोएडा में राजनीतिक गतिविधियां अब और तेज होने की उम्मीद है।
वही इस पुरे प्रकरण पर राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि किसी भी नए प्रभावशाली नेता का पार्टी में समावेश संगठन के लिए ‘दोधारी तलवार’ जैसा होता है। यदि नेतृत्व समय रहते पुराने और नए खेमे के बीच सामंजस्य नहीं बैठा पाता, तो आगामी चुनावों में इसका नकारात्मक असर संगठन की एकजुटता पर पड़ सकता है। हालाँकि स्वयं नए आये चेहरे को भी पुराने और अन्य कार्यकर्ताओं नेताओ से समर्थन और सहयोग के लिए आगे बढ़ने की भी आवश्यकता होती है किन्तु संगठन नेतृत्वकर्ता के लिए ये भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है
इस पूरे विवाद पर जब नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी। अब देखना यह होगा कि जिला और महानगर नेतृत्व इन आंतरिक मतभेदों को कैसे दूर करता है और पुराने कार्यकर्ताओं के भरोसे को कैसे बहाल करता है।



