2024 में विरोधी साजिश करने में सफल रहे। इन्हें हमने 2019 में नाकाम किया था। हमें सोशल मीडिया पर नजर रखनी होगी। हम अपनी उपलब्धियों को मुद्दा नहीं बना पाए। ये बातें उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के अंबेडकर सभागार में हुई भाजपा की एक दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक में अपने संबोधन में विपक्ष पर हमला करते हुए कही। बैठक में पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के शीर्ष नेता इस बैठक में आए।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आपको किसी भी स्थिति में बैकफुट में आने की जरूरत नहीं है। क्योंकि आप लोगों ने ये साबित किया है। वोटों की शिफ्टिंग और अति आत्मविश्वास की वजह से कहीं न कहीं चोट जरूर पहुंची है लेकिन आप लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014, 2017, 2019 और 2022 में सफलता हासिल करके दिखाया है। हमने अपने कार्यकर्तओं की मदद से यूपी को माफिया मुक्त किया है। प्रदेस में सुरक्षित माहौल है। हमने 500 साल बाद राम मंदिर का निर्माण किया। पहले मोहर्रम में ताजिया के नाम पर घरों को तोड़ा जाता था, लेकिन अब किसी की मनमानी नहीं चलती। देश संकट में हैं। हमने जाति और मजहब के नाम पर कोई भेदभाव नहीं किया।