जनपद में बढ़ते अवैध नशे के चलन पर अंकुश लगाने और युवा पीढ़ी को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में ‘नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर’ की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, आबकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
अवैध कारोबारियों पर होगी सघन कार्रवाई
बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में किसी भी प्रकार के अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय बनाकर नशे के सौदागरों के खिलाफ सघन अभियान चलाएं। अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा है जहाँ संदिग्ध गतिविधियां होने की सूचनाएं प्राप्त होती हैं।
शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी
युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी विद्यालय और महाविद्यालय परिसरों के आसपास नियमित निरीक्षण किया जाए। शिक्षण संस्थानों के निकट गुटखा, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
जन-जागरूकता अभियान को मिलेगी गति
प्रशासन का जोर केवल प्रवर्तन कार्रवाई पर ही नहीं, बल्कि जन-जागरूकता पर भी है। जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ और अन्य विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समाज में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर व्यापक अभियान चलाएं। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि समाज का हर वर्ग, विशेषकर युवा, नशे के खतरों को समझे और एक नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाए।

अधिकारियों ने दी प्रगति रिपोर्ट
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस विभाग के सहयोग से आबकारी विभाग लगातार प्रवर्तन अभियान चला रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। बैठक में संबंधित विभागों से पिछले माह की प्रवर्तन कार्रवाइयों और आगामी कार्ययोजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की गई।
इस बैठक में सहायक आयुक्त (राज्य कर विभाग) शिखा सिंह, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की श्वेता खुराना, स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (NCB) के उप निरीक्षक कन्हैया लाल गुप्ता, पुलिस निरीक्षक अरविंद कुमार सहित आईबी, वन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


