आशु भटनागर। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट (ग्रेनो वेस्ट) की मुख्य सड़कों पर कम रोशनी की समस्या को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए एक व्यापक बुनियादी ढांचा सौंदर्यीकरण योजना तैयार की है। इस योजना के तहत न केवल प्रमुख शहरी मार्गों पर आधुनिक और आकर्षक खंभे लगाए जाएंगे, बल्कि आसपास के 16 गांवों में भी प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
प्रमुख सड़कों का होगा कायाकल्प
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देशों के बाद, एसीईओ प्रेरणा सिंह ने इस परियोजना को हरी झंडी दे दी है। योजना के पहले चरण में ग्रेनो वेस्ट की दो सबसे महत्वपूर्ण सड़कों—चार मूर्ति चौक से तिगरी गोलचक्कर तक और ऐस सिटी से खैरपुर गोलचक्कर तक—पर सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इन 80 मीटर चौड़ी सड़कों पर विशेष ‘कोनिकल आर्च पोल’ (Conical Arch Poles) लगाए जाएंगे।
इन खंभों की विशेषता यह है कि इनकी ऊंचाई सामान्य स्ट्रीट लाइट पोल की तुलना में कम होती है। ऊंचाई कम होने के कारण रोशनी का फैलाव सीधे सड़क पर अधिक होता है और पेड़ों की टहनियों से प्रकाश बाधित होने की समस्या भी दूर हो जाती है। चार मूर्ति चौक से तिगरी गोलचक्कर के बीच लगभग दो किलोमीटर के दायरे में 276 आकर्षक लाइटें लगाई जाएंगी। प्राधिकरण ने इसके लिए निविदा (Tender) जारी कर दी है और उम्मीद है कि एक माह के भीतर धरातल पर काम शुरू हो जाएगा।

“ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सुचारू प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। शहर की प्रमुख सड़कों पर सजावटी और तकनीकी रूप से उन्नत पोल लगाए जा रहे हैं, जो सुरक्षा और सौंदर्य दोनों को बढ़ाएंगे।गांवों में अंधेरे वाले स्थानों पर भी एलईडी लाइटें लगाई जा रही है ।”
प्रेरणा सिंह , एसीईओ – ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 3.34 करोड़ का बजट
शहरी क्षेत्र के साथ-साथ प्राधिकरण ने तेजी से विकसित हो रहे ग्रामीण इलाकों में भी अंधेरे को दूर करने की कार्ययोजना बनाई है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर, बिसरख, सादोपुर, इटेड़ा, खैरपुर गुर्जर, और सुनपुरा सहित कुल 16 गांवों में प्रकाश व्यवस्था के लिए 3.34 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने इन गांवों के अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर लिया है, जहाँ नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, ग्रेटर नोएडा ईस्ट के गांवों में भी शेष बचे स्ट्रीट लाइट कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस पहल से न केवल ग्रेनो वेस्ट की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि रात के समय आवाजाही करने वाले प्रोफेशनल्स और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। बेहतर लाइटिंग और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट को एक स्मार्ट सिटी के रूप में नई पहचान देने की दिशा में यह प्राधिकरण का एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


