ग्रेटर नोएडा: कलाधाम में नलकूप के पानी भरे गड्ढे में मासूम की मौत, ठेकेदार पर FIR और कंपनी ब्लैकलिस्ट; दो सुपरवाइजर बर्खास्त

NCR Khabar Internet Desk
4 Min Read

ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-2 स्थित कलाधाम सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसे में 6 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने लापरवाही पर अब तक का सबसे सख्त एक्शन लिया है। नलकूप निर्माण के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न करने और लापरवाही बरतने के आरोप में ठेकेदार फर्म के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है, साथ ही कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इसके अलावा प्राधिकरण के जल विभाग के दो सुपरवाइजरों को बर्खास्त करते हुए उनके खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

- Support Us for Independent Journalism-
Ad image

खेलते समय गड्ढे में गिरा था 6 साल का मासूम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलाधाम सोसाइटी में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए तीन दिन पहले नलकूप निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। ठेकेदार ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किए बिना ही कार्य शुरू कर दिया और बिना किसी बैरिकेडिंग या सुरक्षा घेरे के नलकूप के लिए गड्ढा खोद दिया।

- Advertisement -
Ad image

शनिवार देर शाम सोसाइटी में रहने वाले केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव का 6 वर्षीय बेटा अव्यान सूर्या खेलते समय अचानक इस गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण बच्चा उसमें डूब गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राधिकरण का कड़ा रुख: ठेकेदार ब्लैकलिस्ट, कर्मचारियों पर गिरी गाज

हादसे की खबर मिलते ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी बेहद व्यथित हुए। सीईओ ने तत्काल जांच के आदेश देते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

- Advertisement -
Ad image

प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा और सहायक प्रबंधक मनोज चौधरी की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्यस्थल को सुरक्षित कराया। इसके बाद वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा की ओर से नॉलेज पार्क कोतवाली में ठेकेदार फर्म ‘सुप्रीम इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन’ के प्रोपराइटर मनोज कुमार जैन के खिलाफ तहरीर दी गई। प्राधिकरण ने फर्म को ब्लैकलिस्ट भी कर दिया है।

वहीं, अपने काम में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में जल विभाग के तकनीकी सुपरवाइजर आकाश कुमार और सुपरवाइजर जॉनी कुमार की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। पुलिस तहरीर में इन दोनों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।

बिना बैरिकेडिंग काम शुरू करने पर होगी कड़ी कार्रवाई

सीईओ प्राधिकरण के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मासूम की जान जाना बेहद दुखद है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

सीईओ एनजी रवि कुमार ने प्राधिकरण के सभी वर्क सर्किलों को कड़ा संदेश जारी करते हुए कहा है कि भविष्य में बिना बैरिकेडिंग और सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा किए बिना कोई भी कार्य शुरू न कराया जाए। यदि किसी भी कार्यस्थल पर सुरक्षा में चूक पाई गई, तो संबंधित वर्क सर्किल के स्टाफ और ठेकेदार के खिलाफ इसी प्रकार की कठोर कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
एनसीआर खबर दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews.ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I अपना सूक्ष्म सहयोग आप हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : 9654531723@paytm के जरिये दे सकते है