रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की महिलाओं को एक बड़ा और राहत भरा तोहफा दिया है। शासन के निर्देशानुसार, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के माध्यम से संचालित होने वाली 100 ई-बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।
यह सुविधा 27 अगस्त 2026 की सुबह 06:00 बजे से शुरू होकर 29 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि 12:00 बजे तक लागू रहेगी। खास बात यह है कि इस दौरान महिलाएं अपने साथ एक सहवर्ती (कंपेनियन) को भी इस मुफ्त यात्रा का लाभ दे सकेंगी।
बहनों को मिलेगी बड़ी राहत स्थानीय नागरिकों और विशेषकर मायके जाने वाली बहनों के दृष्टिकोण से यह एक बेहद सराहनीय कदम है। त्योहारी सीजन के दौरान अक्सर बसों में भारी भीड़ और किराए को लेकर आम जनमानस को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में, सरकार द्वारा तीन दिनों तक लगातार मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराने से न केवल महिलाओं का सफर सुगम होगा, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से भी बड़ी राहत मिलेगी।
स्थानीय प्रशासन और परिवहन निगम ने भी इस अवधि के दौरान सुचारू संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।





