नोएडा/ग्रेटर नोएडा। सावन के महीने में जारी मानसूनी फुहारों के बीच शुक्रवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में वर्षा का रौद्र रूप देखने को मिला। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच नोएडा में 70 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे शहर के कई हिस्सों में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सेक्टर-95 अंडरपास में फंसी एंबुलेंस, पुलिस ने किया रेस्क्यू
भारी बारिश के चलते सेक्टर-95 स्थित अंडरपास में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। इस बीच ‘एक पहल’ नामक संस्था की एक एंबुलेंस वहां से गुजरने के प्रयास में पानी के बीच बंद होकर फंस गई। एंबुलेंस में तकनीशियन समेत 4-5 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
औद्योगिक इकाइयों में भरा पानी, उत्पादन ठप
बारिश ने नोएडा प्राधिकरण के जल निकासी के दावों की भी पोल खोल दी। सेक्टर-6 स्थित औद्योगिक क्षेत्र (फेज-1) में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली साफ नजर आई। सड़कों पर कई फीट पानी जमा होने के कारण पानी औद्योगिक इकाइयों के भीतर घुस गया। इससे फैक्ट्रियों में उत्पादन कार्य पूरी तरह ठप हो गया और उद्यमियों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा।
मशीनों और कच्चे माल के भीगने से नाराज उद्यमियों का कहना है कि उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायत दी थी, लेकिन नाली सफाई के नाम पर केवल ‘खानापूर्ति’ की गई। जलभराव के कारण हजारों कर्मचारियों और ग्राहकों को आवागमन में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

कुलेसरा में भी जलभराव से लोग परेशान
ग्रेटर नोएडा के कुलेसरा क्षेत्र में भी स्थिति भयावह रही। मुख्य सड़कों पर पानी भरे होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्राधिकरण के तमाम दावों के बावजूद हर बरसात में उन्हें इसी तरह की नरकीय स्थिति का सामना करना पड़ता है।
मौसम विभाग का ‘येलो अलर्ट’ जारी
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। विभाग ने शनिवार के लिए भी ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है, जिसके तहत हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक मानसूनी बादल क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे और रुक-रुक कर वर्षा होती रहेगी। प्रशासन ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों और अंडरपास से बचकर निकलने की सलाह दी है।



