नोएडा। गाजियाबाद के खोड़ा में हुई हालिया घटना के बाद अब नोएडा से भी एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के अंतर्गत 15 वर्षीय छात्र आयुष शुक्ला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सेक्टर 54 स्थित जंगल के नाले में फेंक दिया गया। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में दहशत और चिंता का माहौल है।
बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया था घर से
जानकारी के अनुसार, सेक्टर 20 निवासी 15 वर्षीय आयुष शुक्ला 16 अगस्त की शाम को लापता हो गया था। परिजनों के मुताबिक, एक नाबालिग परिचित (असद) आयुष को अपने जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। आयुष की मां ने बताया कि आरोपी ने घर आकर कहा था कि वह आयुष के साथ कुछ ही देर में वापस लौट आएगा, लेकिन इसके बाद आयुष घर नहीं पहुंचा।
पांच दिन बाद मिला सड़ा-गला शव
16 अगस्त से लापता आयुष का शव 21 अगस्त की रात सेक्टर 54 के जंगल में नाले के पास से सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ। मंगलवार दोपहर पुलिस ने परिजनों को मोर्चरी बुलाकर शव की शिनाख्त कराई, जहां उसकी पहचान आयुष शुक्ला के रूप में हुई।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप, मुकदमा दर्ज
इस मामले में परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मृतक छात्र की मां का आरोप है कि 16 अगस्त को आयुष के गायब होने के बाद से ही वे लगातार थाने और चौकी के चक्कर काट रही थीं, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया।

स्वजनों की शिकायत और दबाव के बाद सोमवार रात सेक्टर 24 थाना पुलिस ने मामले में औपचारिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी नाबालिग और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
इलाके में तनाव, आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद से ही नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है। स्थानीय पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।




