नोएडा। नोएडा विकास प्राधिकरण ने अवैध और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर-78 स्थित महागुन मॉर्डन सोसाइटी (भूखंड संख्या जेपीएस-2) में स्वीकृत नक्शे के विपरीत बनाई गईं तीन दुकानों को सील कर दिया।
प्राधिकरण के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले शिकायत मिली थी कि इस ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में स्वीकृत मास्टर प्लान और भू-उपयोग के नियमों का उल्लंघन करके निर्माण कार्य किया गया है। शिकायत के आधार पर प्राधिकरण के नियोजन विभाग (Planning Department) की टीम ने मौके पर जाकर जांच की।
जांच में यह पाया गया कि स्वीकृत भवन के कमरों के ढांचे में अनधिकृत रूप से बदलाव किया गया था और वहां नियमों के खिलाफ जाकर दुकानों का संचालन किया जा रहा था। नियोजन विभाग की रिपोर्ट के बाद प्राधिकरण ने एक संयुक्त टीम का गठन किया, जिसने बुधवार को मौके पर पहुंचकर तीनों दुकानों को सील करने की कार्रवाई पूरी की।
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि शहर में अनाधिकृत निर्माण और स्वीकृत भू-उपयोग के विपरीत किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह के नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




