नोएडा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन पर आपत्ति जताए जाने के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नोएडा महानगर इकाई ने विरोध दर्ज कराया है। महानगर अध्यक्ष महेश चौहान के नेतृत्व में शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर-27 स्थित डीएम चौराहे पर ‘जन आक्रोश रैली’ निकाली गई और ‘मशाल जुलूस’ का आयोजन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रगीत के सम्मान व राष्ट्रगौरव की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वंदे मातरम् भारत की राष्ट्रीय भावना और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे में इसके गायन पर किसी भी प्रकार की आपत्ति देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाली है।
रैली को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर वंदे मातरम् के गायन को लेकर जताई गई आपत्ति पर कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय गीत का सम्मान किसी राजनीतिक दल तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हर भारतीय के राष्ट्रधर्म और गौरव से जुड़ा मामला है। वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों की राष्ट्रीय चेतना का स्वर है।”
उन्होंने आगे कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों ने इस गीत को गाते हुए बलिदान दिए थे। ऐसे में राष्ट्रीय प्रतीकों और भावनाओं का अपमान करने वालों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान स्वतंत्रता संग्राम के अनगिनत बलिदानियों की विरासत का सम्मान है।

इस जन आक्रोश रैली और मशाल जुलूस में जिला महामंत्री अमित त्यागी, ओमवीर अवाना, संजय बाली, राजकुमार बंसल, धर्मेंद्र गुप्ता, हरिओम जाटव, बबलू यादव, रवि यादव, रुचि चौहान, अनिल पेशावरिया, पीसी पंचोली, सायनी मुरलीधर और मनीष वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय समर्थक उपस्थित रहे। मशाल जुलूस के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत के सम्मान का संदेश प्रसारित किया।






