नोएडा: दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र (डीएनजीआइआर), जिसे ‘नया नोएडा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, की योजना अब धरातल पर उतरती नजर आ रही है। नोएडा प्राधिकरण ने किसानों से भूमि अधिग्रहण के लिए संवाद और सहमति की प्रक्रिया तेज करने के साथ ही, इस नए शहर के संचालन के लिए एक समर्पित प्रशासनिक कार्यालय स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।
चोला के समीप विकसित होने वाले इस प्रशासनिक कार्यालय के माध्यम से न केवल प्रशासनिक कार्यों का संचालन होगा, बल्कि विशेष तौर पर किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था भी की जाएगी।

यूपीसीडा से खरीदी जाएगी लगभग 2,600 एकड़ भूमि प्राप्त जानकारी के अनुसार, नया नोएडा के प्रशासनिक एवं अन्य विकास कार्यों के लिए नोएडा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) से लगभग 2,600 एकड़ भूमि क्रय करेगा। इस प्रस्तावित भूमि का कुछ हिस्सा नया नोएडा की अधिसूचित सीमा से बाहर भी स्थित है। इस भूमि की खरीद, उसकी दर और अन्य तकनीकी बिंदुओं को अंतिम रूप देने के लिए दोनों प्राधिकरणों के उच्च अधिकारियों के बीच जल्द ही एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
प्रस्तावित कार्यालय का ब्लूप्रिंट प्राधिकरण के सर्किल स्तर पर तैयार किया जा रहा है। इस परिसर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (ACEO) और विशेष कार्याधिकारी (OSD) के कार्यालयों के अलावा संबंधित सर्किल कार्यालय तथा लेखपालों के बैठने की समुचित व्यवस्था होगी। इसके साथ ही, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवश्यक प्रशासनिक अवसंरचना भी विकसित की जाएगी।
नया नोएडा परियोजना के तहत बनने वाले इस नए कार्यालय परिसर में किसानों के लिए एक विशेष कॉन्फ्रेंस हॉल का निर्माण किया जाएगा। इस हॉल का उद्देश्य किसानों और प्राधिकरण के अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। यहां अधिकारी भूमि अधिग्रहण, प्रतिकर (मुआवजे) वितरण और अन्य व्यावहारिक समस्याओं पर किसानों के साथ प्रत्यक्ष चर्चा कर सकेंगे। इससे किसानों को अपनी शिकायतों या मांगों के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
प्राधिकरण की मंशा है कि नया नोएडा से जुड़े समस्त प्रमुख कार्यों का संचालन इसी केंद्र से किया जाए, जिससे भूमि अधिग्रहण और विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति दोनों बनी रहें। इस कार्यालय के ब्लूप्रिंट को अंतिम रूप देने का कार्य प्रगति पर है और इसे आगामी 15 दिनों के भीतर प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
80 गांवों की भूमि पर आकार लेगा नया नोएडा उल्लेखनीय है कि ‘नया नोएडा’ का मास्टर प्लान 209.11 वर्ग किलोमीटर (यानी 20,911.29 हेक्टेयर) क्षेत्र में तैयार किया गया है। बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर जिलों के कुल 80 गांवों की भूमि पर बसाए जाने वाले इस आधुनिक शहर में भविष्य में लगभग छह लाख की आबादी को बसाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इन संवाद बैठकों के माध्यम से किसानों को परियोजना के लाभों और उसकी रूपरेखा से अवगत कराया जा रहा है, ताकि पारदर्शी तरीके से उनकी सहमति प्राप्त की जा सके।



