ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा अस्पताल में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बिलिंग में देरी को लेकर अस्पताल प्रबंधन और मरीज के परिजनों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मरीज के परिजन और अस्पताल के बाउंसर एक-दूसरे के आमने-सामने नजर आ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, अस्पताल में भर्ती अपने मरीज की डिस्चार्ज प्रक्रिया के दौरान परिजन काफी समय से बिल तैयार होने का इंतजार कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि घंटों बीत जाने के बाद भी अस्पताल प्रशासन द्वारा बिल उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे वे परेशान थे। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही बरतने और जानबूझकर बिलिंग में देरी करने का आरोप लगाया है।
ग्रेटर नोएडा: शारदा अस्पताल में बिलिंग को लेकर हंगामा, मरीज के परिजनों और बाउंसरों के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो वायरल https://t.co/zTCmvtqVrk #NCRKhabar pic.twitter.com/CEVSvTMTBq
— NCRKHABAR (@NCRKHABAR) May 30, 2026
बाउंसरों के साथ हुई बहस
स्थिति को नियंत्रित करने के बजाय, जब अस्पताल प्रबंधन ने मौके पर बाउंसरों को बुला लिया, तो विवाद और गहरा गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाउंसरों और परिजनों के बीच तीखी बहस हो रही है। इस दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने हंगामा करने और बाउंसरों द्वारा किए गए व्यवहार का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस पूरे प्रकरण पर शारदा अस्पताल प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, अस्पताल के इनफॉरमेशन सिस्टम (HIS) में तकनीकी खराबी आने के कारण बिलिंग की प्रक्रिया धीमी हो गई थी, जिसकी वजह से यह देरी हुई। अस्पताल प्रशासन ने इसे एक तकनीकी समस्या बताया है, जबकि परिजनों का आक्रोश कुछ और ही बयां कर रहा है।

पूर्व में भी सामने आ चुके हैं मामले
गौर करने वाली बात यह है कि शारदा अस्पताल में बिलिंग को लेकर विवाद होना कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार अधिक बिल वसूलने और बिलिंग प्रक्रिया को लेकर मरीजों के परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं। आए दिन सामने आ रहे ऐसे मामले कहीं न कहीं अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा करते हैं। दरअसल शारदा अस्पताल को लेकर ये भी चर्चा होती रही है कि चैरिटेबल (Charitable) ट्रस्ट के नाम पर मेडिकल कालेज बनाने के लिए ली गयी भूमि पर प्रबंधन ने अब एक पांच सितारा अस्पताल शारदा केयर भी खोल दिया है जो नियम विरुद्ध है और अक्सर इसी अस्पताल में बिलिंग को लेकर हंगामे होते है ये भी सोचने की बात है कि क्यूँ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस पर कोई कार्यवाही नहीं कर पाता है
फिलहाल, इस घटना की सोशल मीडिया पर बहुत चर्चा है और अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था व बिलिंग सिस्टम पर तमाम तरह की चर्चाएं की जा रही हैं।


