कब तक सोता रहेगा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण! खुला गटर बना मौत का कुआँ, 10 साल के मासूम की जिंदगी दांव पर, पास से जा रहे ARTO ने सूझबूझ से बचाई जान

NCR Khabar News Desk
4 Min Read

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की घोर लापरवाही एक बार फिर एक मासूम बच्चे की जिंदगी पर भारी पड़ने वाली थी, लेकिन ऐन मौके पर पहुंचे ‘ARTO‘ ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से उसकी जान बचा ली। यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना यथार्थ हॉस्पिटल के ठीक सामने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में हुई, जहां महीनों से एक गहरा गटर बिना ढक्कन के खुला पड़ा है।

- Support Us for Independent Journalism-
Ad image

क्या है घटनाक्रम?

मंगलवार को एक 10 वर्षीय मासूम बच्चा अपनी मां के साथ इस व्यस्त मार्ग से गुजर रहा था कि अचानक उसका पैर फिसल गया। देखते ही देखते वह सीधे उस गहरे गटर में जा गिरा। बच्चे के गिरते ही आसपास चीख-पुकार मच गई और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इतनी गहराई से बच्चे को तुरंत निकालने का कोई रास्ता लोगों को समझ नहीं आ रहा था।

- Advertisement -
Ad image

इसी गहमागहमी के बीच, किस्मत से एआरटीओ (ARTO) राजेश मोहन अपनी टीम के साथ वहां से गुजर रहे थे। सड़क पर भीड़ और शोर-शराबा देखकर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई। मामले की गंभीरता को भांपते हुए एआरटीओ राजेश मोहन ने बिना एक पल गंवाए तत्परता दिखाई। उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और अपनी सूझबूझ से बच्चे को सुरक्षित गटर से बाहर खींच निकाला।

बड़ा हादसा टला, प्राधिकरण पर फूटा गुस्सा

इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों और चश्मदीदों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ भारी नाराजगी है। लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इलाका बेहद व्यस्त रहता है, क्योंकि यहां यमुना प्राधिकरण का कार्यालय और यथार्थ हॉस्पिटल मौजूद है, जिसके कारण चौबीसों घंटे वीआइपी आवागमन के साथ मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद यहां महीनों से गटर खुला हुआ है।

- Advertisement -
Ad image

प्राधिकरण पर गंभीर आरोप

गुस्साए लोगों ने सवाल उठाया है कि, “आखिर इन खुले मौत के कुओं की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या प्राधिकरण किसी बड़ी दुर्घटना या किसी की मौत का इंतजार कर रहा है?” लोगों ने आरोप लगाए हैं कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस यमुना प्राधिकरण कार्यालय और यथार्थ अस्पताल के पास के इस क्षेत्र में अतिक्रमण, गंदगी और खुले मैनहोल पर कोई कार्रवाई नहीं करता है, जबकि यहां बड़े-बड़े वीआईपी भी आते हैं। निवासियों का कहना है कि प्रशासन न जाने किस बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।

यह घटना एक बार फिर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अर्बन और हेल्थ विभाग के अधिकारियो के ढुलमुल रवैये और नागरिक सुरक्षा के प्रति उसकी उदासीनता को उजागर करती है। स्थानीय लोग अब इस मामले में तत्काल कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Share This Article
एनसीआर खबर दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews.ncrkhabar@gmail.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं हम आपके भरोसे ही स्वतंत्र ओर निर्भीक ओर दबाबमुक्त पत्रकारिता करते है I इसको जारी रखने के लिए हमे आपका सहयोग ज़रूरी है I अपना सूक्ष्म सहयोग आप हमे 9654531723 पर PayTM/ GogglePay /PhonePe या फिर UPI : 9654531723@paytm के जरिये दे सकते है