आशु भटनागर। आयुर्वेद एवं आयुष क्षेत्र को समर्पित तीन दिवसीय ‘राष्ट्रीय आयुष महोत्सव–आयुर महोत्सव 2026’ का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक नोएडा के सेक्टर-62 स्थित इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो सेंटर में किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें आयोजकों ने महोत्सव की तैयारियों और रूपरेखा की विस्तृत जानकारी साझा की।
व्यापक मंच प्रदान करना है उद्देश्य
आयोजकों के अनुसार, इस तीन दिवसीय महोत्सव में देशभर से 5,000 से अधिक आयुर्वेद चिकित्सकों सहित लगभग 25,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद के प्राचीन ज्ञान, वैज्ञानिक शोध, नवाचार और आधुनिक संभावनाओं को एक व्यापक राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है।
महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। वहीं, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।
प्रेसवार्ता में यह भी बताया गया कि कार्यक्रम में आयुर्वेद और आयुष सेक्टर से जुड़े कई जाने-माने विशेषज्ञ, चिकित्सक और उद्योग जगत के दिग्गज शामिल होंगे। इनमें प्रमुख रूप से डाबर इंडिया लिमिटेड के ग्लोबल सीईओ मोहित मल्होत्रा, श्री धूतपापेश्वर लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. रंजीत पुराणिक, आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय, डॉ. प्रदीप मुल्तानी, महर्षि आयुर्वेदा प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर डॉ. संजय शर्मा और डॉ. संजय श्रीवास्तव सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
शोध, उद्योग और वेलनेस पर रहेगा विशेष फोकस
तीन दिवसीय इस महोत्सव के दौरान आयुर्वेद, वैज्ञानिक शोध, नवाचार, उत्पाद प्रदर्शन, उद्योग संवाद, बिजनेस नेटवर्किंग और स्वास्थ्य एवं वेलनेस से जुड़े विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का मकसद देश के चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, आयुर्वेदिक संस्थानों और उद्योग जगत को एक ही मंच पर लाकर आपसी तालमेल और विकास को बढ़ावा देना है।
राष्ट्रीय आयुष महोत्सव 2026 का आयोजन आयुष एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (AYUSHEXCIL) और भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों और आम जनता से इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।




