आशु भटनागर : ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने एक सख्त कदम उठाते हुए आउटडोर विज्ञापन और यूनिपोल के विज्ञापन क्षेत्र में कार्य करने वाली फर्म ‘नक्श क्रिएटर’ (Naksh Creator) को ब्लैक लिस्ट कर दिया है। फर्म पर प्राधिकरण की निविदा शर्तों का उल्लंघन करने और करोड़ों रुपये की लाइसेंस फीस जमा न करने का आरोप है।
क्या है पूरा मामला?
प्राधिकरण द्वारा जारी निविदा संख्या 4,5,6 एवं 8 के तहत ‘नक्श क्रिएटर’ को यूनिपोल लगाने का कार्य आवंटित किया गया था। नियमों के अनुसार, फर्म को लाइसेंस शुल्क के रूप में एक निश्चित धनराशि प्राधिकरण के पक्ष में जमा करानी थी। प्राधिकरण के सूत्रों के अनुसार, फर्म को इस बकाया राशि के भुगतान के लिए प्राधिकरण की ओर से छह से अधिक बार औपचारिक पत्र भेजे गए, लेकिन फर्म की ओर से न तो धनराशि जमा की गई और न ही किसी भी पत्र का कोई संतोषजनक उत्तर दिया गया।

प्राधिकरण के आंकड़ों के अनुसार, फर्म पर ब्याज सहित कुल 2,30,71,520.71 रुपये (दो करोड़ तीस लाख इकहत्तर हजार पांच सौ बीस रुपये) का बकाया है। इस गंभीर वित्तीय लापरवाही पर संज्ञान लेते हुए सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देशानुसार, प्राधिकरण ने फर्म को तत्काल प्रभाव से एक वर्ष के लिए काली सूची (ब्लैक लिस्ट) में डालने का निर्णय लिया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के इस कदम को सरकारी राजस्व की सुरक्षा और निविदाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों की अनदेखी करने वाली किसी भी कंपनी के खिलाफ इसी तरह की कठोर दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
दिल्ली में भी चल रही है फर्म के खिलाफ जांच
नक्श क्रिएटर के डायरेक्टर अनंत कुमार शर्मा की मुश्किलें केवल ग्रेटर नोएडा तक ही सीमित नहीं हैं। इससे पूर्व, उन्हें दिल्ली में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीआई की कार्रवाई के अनुसार, अनंत कुमार शर्मा को एमसीडी (MCD) के विज्ञापन विभाग के एक अधिकारी के साथ 15 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। इस मामले में सीबीआई ने एमसीडी के साउथ और नजफगढ़ जोन के वरिष्ठ अधिकारी अनिल कुमार खत्री, डायरेक्टर अनंत कुमार शर्मा और कंपनी के प्रतिनिधि दिलीप पटेल को गिरफ्तार किया था। साथ ही, छापेमारी के दौरान उनके ठिकानों से 25 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी भी बरामद हुई थी।
सीबीआई का आरोप है कि फर्म ने टेंडर अवधि समाप्त होने के बावजूद दिल्ली में अवैध रूप से बड़े बिल बोर्ड और एलईडी डिस्प्ले लगाने की अनुमति हासिल करने के लिए अधिकारियों को रिश्वत दी थी। साथ ही, स्वीकृत संख्या से अधिक अवैध होल्डिंग्स लगाने के लिए भी सांठगांठ की गई थी।



