आशु भटनागर। डिजिटल युग के विस्तार के साथ ही सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति के तौर-तरीके और उनकी सीमाओं को लेकर बहस तेज हो गई है। हाल ही में विश्व स्तर पर रिलीज हुई फिल्म ‘रामायण’ की आलोचना के नाम पर कथित तौर पर भाषा की मर्यादा लांघने का मामला हो, या फिर नोएडा में आयोजित प्रख्यात कवि एवं गीतकार कुमार विश्वास की राम कथा, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर व्यक्तिगत टिप्पणियों और आक्षेपों का दौर लगातार बढ़ रहा है। इस पूरी परिदृश्य ने मीडिया जगत, विशेषकर पेशेवर संवाद और पत्रकारिता की शुचिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बीते दिनों रिलीज हुई ‘रामायण’ फिल्म को लेकर मुजफ्फरनगर से मुंबई गए और स्वयं को ‘नंबर वन क्रिटिक’ कहने वाले कमाल आर. खान (केआरके) की टिप्पणियां एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। आलोचकों और दर्शकों का एक वर्ग यह मानता है कि उनकी समीक्षाओं में फिल्म के कलात्मक पक्षों की चर्चा कम और उससे जुड़े लोगों का निम्न स्तर पर पहुँच कर व्यक्तिगत उपहास अधिक होता है। सोशल मीडिया पर उनकी इस नीचोत्तम शैली को लेकर पेशेवर हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं।

चर्चा यह भी है कि फिल्म निर्माताओं की ओर से इस प्रकार की अपमानजनक और व्यक्तिगत टिप्पणियों के खिलाफ कानूनी कदम उठाते हुए मानहानि के नोटिस भी भेजे गए हैं। सामाजिक चिंतको का मानना है कि इस तरह की प्रवृत्तियां रचनात्मक स्वतंत्रता और पेशेवर आलोचना के बीच की बारीक रेखा को धुंधला कर रही हैं।
इसे भेडचाल कहे या कलयुग में आदर्श और मर्यादा की जगह काम और वाम के प्रति आकर्षित होने ललक, इस सोशल मीडिया संस्कृति का असर अब स्थानीय आयोजनों और क्षेत्रीय स्तर के पत्रकारों और टिप्पणीकारों पर भी दिखने लगा है। बीते 5 नवंबर को रिलीज हुई फिल्म ‘रामायण’ में गीतकार और कंसलटिंग एडवाइजर की भूमिका निभाने वाले प्रख्यात कवि, प्रखर वक्ता रामकथा मर्मज्ञ और लोक-संस्कृति के संवाहक डा कुमार विश्वास की राम कथा ‘अपने-अपने राम’ का आयोजन शुक्रवार से नोएडा के ‘वर्ल्ड ऑफ वंडर’ में शुरू हुआ है।
इस कार्यक्रम के आयोजक उधोगपति एवं शिक्षाविद मुकेश शर्मा हैं। दो दशक पहले नोएडा में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करने वाली कंपनियों के माध्यम से अपनी पहचान बनाने वाले शर्मा अब शिक्षा के बाद सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़े हैं।
कथा के प्रथम सत्र में कल कुमार विश्वाश ने कहा कि नीचोत्तम शैली में राम के विरोध करने वाले की इंद्र के पुत्र जयंत की भांति या तो एक आंख फूटी हुई है या फूटने वाली है।। जिसके बाद ही, नोएडा के स्थानीय डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और स्वघोषित टिप्पणीकारों द्वारा इस आयोजन को लेकर की जा रही आलोचनाएं भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं। आरोप है कि स्थानीय स्तर पर भी कुछ लोग रचनात्मक या तथ्यात्मक आलोचना के बजाय केआरके की तर्ज पर व्यक्तिगत आक्षेप और फब्तियां कसने की शैली अपना रहे हैं, तो कई का दावा है कि राम कथा ही नहीं, बीते कुछ समय से कई अन्य प्रकरणों में भी ऐसे ही नीचोत्तम शैली में आलोचना की जा रही है बस रामकथा विरोध में वो चरम पर आ गए हैं।
इस आयोजन और इसके विरोध के पीछे कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ हलकों में आयोजक मुकेश शर्मा के भविष्य के राजनीतिक सफर और आयोजनों पर होने वाले खर्च को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, विश्लेषकों का तर्क है कि यदि कोई व्यक्ति अपने सामाजिक आधार को मजबूत करने के लिए धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन करता है, तो वैधानिक दायरे में इस पर आपत्ति का कोई औचित्य नहीं होना चाहिए। विशेषकर भारतीय राजनीतिक परिदृश्य में, जहां राम आंदोलन से जुड़ी सांस्कृतिक और राजनीतिक चेतना का एक लंबा इतिहास रहा है, ऐसे आयोजनों को सामान्य सामाजिक गतिविधि के रूप में देखा जाना चाहिए।
बहरहाल, मूल प्रश्न यह नहीं है कि कौन राजनीति में आना चाहता है या कौन किस कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है; असली चिंता का विषय यह है कि सार्वजनिक संवाद और डिजिटल पत्रकारिता का स्तर किस दिशा में जा रहा है। क्या स्वस्थ आलोचना और संयमित सवालों की जगह अब व्यक्तिगत आक्षेप और सतही बयानबाजी लेते जा रहे हैं? इस गंभीर सवाल पर मीडिया जगत के वरिष्ठ और नीति-निर्माताओं को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है, ताकि संवाद की शुचिता को बचाया जा सके।



