नोएडा। लोक आस्था के महापर्व ‘छठ’ के दृष्टिगत नोएडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक पंकज सिंह ने जलपुरा, सेक्टर 110 और सेक्टर 94 सहित शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य महापर्व के अवसर पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश और आवागमन की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।
स्थल निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करने, महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुगम यातायात प्रबंधन पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान विधायक पंकज सिंह ने कहा कि नोएडा में पूर्वांचल और बिहार से जुड़े नागरिकों की बड़ी संख्या निवास करती है। छठ पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए घाटों पर सभी आवश्यक नागरिक और सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है।
उत्तर प्रदेश सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के गरिमापूर्ण और सुरक्षित संचालन के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। त्योहारों के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है ताकि प्रत्येक आयोजन शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
विधायक ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा की समाप्ति तक घाटों की व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखी जाए। साथ ही, श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले सुझावों अथवा समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के अंत में विधायक पंकज सिंह ने समस्त छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को महापर्व की बधाई दी और भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्यता की कामना की।



