ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र की पंचशील हाइनिश सोसाइटी में रविवार को एओए पदाधिकारियों और कुछ निवासियों के बीच हुए विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों की तहरीर पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। एक एफआईआर महिला निवासियों की शिकायत पर एओए पदाधिकारियों के खिलाफ है, जबकि दूसरी एओए के कार्यवाहक अध्यक्ष की शिकायत पर निवासियों के खिलाफ दर्ज की गई है।
एओए के कार्यवाहक अध्यक्ष विनोद नेगी के अनुसार, सोसाइटी में सर्वोदय हॉस्पिटल की ओर से स्वास्थ्य शिविर और बिसरख हॉस्पिटल की ओर से पल्स पोलियो अभियान चल रहा था। इन कार्यक्रमों की व्यवस्था के लिए एओए के कुछ पदाधिकारी और निवासी क्लब हाउस स्थित कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग अन्य साथियों के साथ क्लब हाउस पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पदाधिकारियों और निवासियों से अभद्रता शुरू की और मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावर हथियार लेकर आए थे, थप्पड़ मारे गए और धारदार हथियारों से हमला किया गया। पेन की नोक और हथियारों से सिर और नाक पर वार किए गए। इससे पदाधिकारियों और निवासियों की जान-माल की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया। इस मामले में अनुज कुमार, आलोक सिंह, विवेक कुमार, महेंद्र प्रताप, आनंद शर्मा और एक महिला पर मारपीट का आरोप लगाया गया है।

दूसरी ओर, सोसाइटी की कई महिला निवासियों ने तहरीर दी है। उनका कहना है कि वे एओए की कार्यप्रणाली और कथित मनमानी से नाराज थीं। उनका आरोप है कि लंबे समय से एओए चुनाव नहीं हुए हैं और फरवरी 2026 से मेंटेनेंस का हिसाब भी नहीं दिया गया। इन्हीं मांगों को लेकर वे सामूहिक रूप से शांति मार्च निकाल रही थीं। तहरीर के मुताबिक, महिलाएं बातचीत के लिए एओए कार्यालय गई थीं। आरोप है कि वहां नामजद पदाधिकारियों और उनके साथियों ने धक्का-मुक्की की। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें अनुचित तरीके से छुआ गया; इसका विवरण लिखने में उन्होंने शर्म महसूस होने की बात कही है। उन्होंने पदाधिकारियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
महिलाओं की तहरीर पर पुलिस ने एओए अध्यक्ष विनोद नेगी, सचिव विजय रस्तोगी, सौरभ सिंह, अशोक गुप्ता और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



