भाजपा सरकार में किसान और मजदूर बदहाल, 2027 में जनता करेगी सत्ता परिवर्तन: नरेश उत्तम, अपनी धर्मपत्नी के साथ पूर्व सपा अध्यक्ष दीपक विग के निवास पर पहुंचे थे नरेश उत्तम

superadminncrkhabar
4 Min Read

फतेहपुर के लोकसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेश उत्तम ने नोएडा आगमन पर भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। सेक्टर-12 स्थित पूर्व सपा महानगर अध्यक्ष दीपक विग (चेयरमैन, पंजाबी विकास मंच) के निवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों को जनविरोधी करार दिया।

- Support Us for Independent Journalism-
Ad image

किसान और मजदूर पर दोहरी मार नरेश उत्तम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसान और मजदूर दोनों ही समुदायों की स्थिति बेहद दयनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) नहीं मिल रहा है, वहीं महंगाई के दौर में मजदूरों को उनकी मेहनत का उचित वेतन तक नसीब नहीं हो रहा। नोएडा में हाल ही में हुए मजदूर आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मजदूरों का दमन करना पूरी तरह से गलत और अलोकतांत्रिक है।

विधानसभा चुनाव 2027 और राजनीतिक रणनीति 

पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हुई चर्चा में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति बनाई गई। चर्चा के दौरान नोएडा के भाजपा विधायक पंकज सिंह को चुनौती देने और उन्हें हराने के लिए स्थानीय संगठन को मजबूत करने पर मंथन किया गया। कार्यकर्ताओं ने किसी कद्दावर नेता को नोएडा विधान सभा से चुनाव लड़ने का सुझाव भी दिया। नरेश उत्तम ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत तय है और सरकार बनने पर भाजपा शासनकाल में हुए सभी कार्यों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

महिला आरक्षण और कानून-व्यवस्था पर सवाल

सांसद नरेश उत्तम ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि सरकार 2023 में पारित होने के बावजूद इसे 2027 तक लागू करने में देरी क्यों कर रही है। परिसीमन का अड़ंगा लगाकर महिलाओं को उनके अधिकार से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती हत्या, लूटपाट और भ्रष्टाचार के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इस ‘पर्ची-खर्ची’ वाली सरकार को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सत्ता में आने के बाद सभी भ्रष्टाचारों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

- Advertisement -
Ad image

पीएम की सोना न खरीदने की अपील पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आम जनता से सोना न खरीदने की अपील पर नरेश उत्तम ने इसे ‘भद्दा मजाक’ बताया। उन्होंने सवाल किया, “जिसके घर बेटी की शादी है, वह सोना न खरीदे तो शादी कैसे होगी? सरकार केवल अमीरों के लिए काम कर रही है और समाजवादी पार्टी इस तरह की नीतियों का पुरजोर विरोध करती है।”

कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

इस अवसर पर नरेश उत्तम और उनकी धर्मपत्नी विजय लक्ष्मी उत्तम का स्वागत दीपक विग के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान अतुल यादव (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, छात्र सभा), गौरव चाचरा (सपा प्रवक्ता), सुनीता शारदा, बिलाल बरनी और नीलम विग सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में विजय लक्ष्मी उत्तम के साहस की भी सराहना की गई, जिन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की गतिविधियों का डटकर सामना किया था। दीपक विग और कार्यकर्ताओं ने उनके इस जज्बे के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

Share This Article