नोएडा । नोएडा के सेक्टर 46 स्थित गार्डेनिया ग्लोरी सोसायटी में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सोसायटी के बेसमेंट में खड़ी गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में बेसमेंट में खड़ी तीन गाड़ियां पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार को बेसमेंट से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देखी गईं। देखते ही देखते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी तीन गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की खबर फैलते ही सोसायटी के निवासियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई। स्थानीय निवासियों ने दमकल गाड़ियों के पहुंचने से पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, निवासियों का आरोप है कि आपात स्थिति के दौरान सोसायटी के फायर सेफ्टी उपकरण काम नहीं कर रहे थे, जिससे आग पर समय रहते काबू पाने में परेशानी हुई। साथ ही, निवासियों ने दमकल विभाग की गाड़ियों के देरी से पहुंचने का भी दावा किया है।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।

अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती जांच में किसी वाहन में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि आग किस वजह से लगी और सोसायटी में अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।



