नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को हुई जोरदार बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर यह शहर के लिए आफत भी बनकर आई। नोएडा के कई हिस्सों में भारी जलभराव के कारण निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी भरने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई और प्रमुख मार्गों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं।
स्कूल जाने वाले बच्चे हुए परेशान सुबह के समय हुई मूसलाधार बारिश ने दफ्तर जाने वालों और स्कूल जाने वाले बच्चों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शहर की कई मुख्य सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बन गई। छोटी और बड़ी गाड़ियां घंटों तक जाम में फंसी रहीं। इसके अतिरिक्त, बारिश के कारण कुछ स्थानों पर डिवाइडर गिरने की सूचना भी मिली, जिसके बाद नोएडा अथॉरिटी के अधिकारी नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर पहुंचे।
अथॉरिटी के अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
बारिश के बाद उत्पन्न हुई स्थिति का जायजा लेने के लिए नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण टीम में वरिष्ठ प्रबंधक एस.पी. सिंह, आर.पी. सिंह और ए.के. अरोड़ा के साथ सिविल और जल विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जलभराव, जल निकासी की व्यवस्था और सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर तैनात टीमों को निर्देश दिए कि जल निकासी के कार्य में तेजी लाई जाए और प्रभावित स्थानों पर आवश्यक संसाधन तुरंत उपलब्ध कराए जाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुविधा के लिए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

संवेदनशील इलाकों पर निगरानी के निर्देश
प्राधिकरण ने सभी संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। साथ ही, अवरुद्ध नालों की सफाई और पंपों के जरिए पानी निकालने के कार्य को प्राथमिकता देने को कहा गया है।
मौसम का पूर्वानुमान भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शहर में मंगलवार शाम 8 बजे तक तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि इसके बाद बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का यह दौर आगे भी जारी रह सकता है। स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों को जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।



