नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अधिसूचित क्षेत्र की भूमि पर भूमाफिया द्वारा अवैध रूप से कालोनी काटने के प्रयास को पूरी तरह विफल कर दिया। प्राधिकरण के वर्क सर्किल सात की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस अभियान के तहत लगभग 40 एकड़ बहुमूल्य भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। इसके अलावा, अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-142 में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दी गई है।
इलाबास गांव में की गई कार्रवाई
वर्क सर्किल सात के वरिष्ठ प्रबंधक डोरी लाल वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई इलाबास गांव की अधिसूचित भूमि पर की गई। यहां खसरा संख्या-373, 374, 375, 376, 384, 385, 387, 388, 389, 390, 391, 410 और 412 पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई चारदीवारी, गेट और अस्थाई रूप से बने शौचालयों को ध्वस्त कर दिया।
सीईओ के निर्देश पर हुई कार्रवाई
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, इस अवैध अतिक्रमण के कारण सार्वजनिक भूमि के उपयोग और क्षेत्र के व्यवस्थित व सुनियोजित विकास में बड़ी बाधा उत्पन्न हो रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके आदेश पर संबंधित विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को सुनिश्चित किया। इस दौरान भारी पुलिस बल और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात रहे।
प्राधिकरण की चेतावनी और जनता से अपील
नोएडा प्राधिकरण ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक भूमि और अन्य सरकारी संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

इसके साथ ही, प्राधिकरण ने आम नागरिकों और निवेशकों से अपील की है कि वे अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का भूमि क्रय-विक्रय या अवैध निर्माण न करें। धोखेबाजों और भूमाफियाओं से सतर्क रहें ताकि क्षेत्र के सुनियोजित विकास में सहयोग मिल सके और उनकी गाढ़ी कमाई डूबने से बच सके।



