गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने रविवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) कार्यालय में विकास कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गीडा का लैंड बैंक बढ़ाने और उपलब्ध भूमि के अनुरूप उद्यमियों के लिए एक सुनियोजित प्लान तैयार करने के कड़े निर्देश दिए।
सेक्टर सात स्थित गीडा कार्यालय में आयोजित बैठक में मंत्री ने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों की प्रगति की रिपोर्ट ली। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि 98 हेक्टेयर के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 45 हेक्टेयर का लैंड बैंक तैयार किया जा चुका है। इसके अलावा, धुरियापार के धरौरा, दादूपुर, नारायणपुर खुर्द, गजपुर और अन्य गांवों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है, जिसमें किसानों से बैनामा भी कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी के सहयोग से तेज हो अधिग्रहण प्रक्रिया
मंत्री नंदी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और सहयोग से जल्द से जल्द पूरी कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में उद्यमी निवेश करने के इच्छुक हैं। लैंड बैंक मजबूत होने से नए निवेश प्रस्तावों पर तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी, जिससे निवेशकों को समय पर भूमि मिल सकेगी। उन्होंने उपलब्ध भूमि के बेहतर उपयोग के लिए सेक्टरवार और उद्योगवार योजना तैयार करने पर भी जोर दिया।
पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए मंत्री ने गीडा की ऑनलाइन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे उद्यमी घर बैठे अपनी फाइल का पूरा स्टेटस ऑनलाइन देख सकें। इससे उद्यमियों को कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में निवेश का अनुकूल माहौल बना है, और गीडा को इसी के अनुरूप एक बेहतरीन मास्टर प्लान के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
35 लाख रुपये में मिलेगी फ्लैटेड फैक्ट्री
बैठक के दौरान फ्लैटेड फैक्ट्री के आवंटन पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने स्पष्ट किया कि एक इकाई 35 लाख रुपये में उपलब्ध कराई जाए। वहीं, सेक्टर 15 स्थित जुरियान में 190 एकड़ भूमि से जुड़े न्यायालयी मामले की जानकारी मांगते समय अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब न मिलने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी लंबित अदालती मामलों की नियमित निगरानी और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
‘सेवा, संकल्प एवं स्वच्छता अभियान’ की तैयारी के निर्देश बैठक के अंत में मंत्री ने 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा, संकल्प एवं स्वच्छता अभियान’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने गीडा कार्यालय को सजाने, दीपोत्सव मनाने और अधिक से अधिक आमजन को इस अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए।
इस बैठक में गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) अनुज मलिक, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राम प्रकाश समेत सत्यपाल भाटी, केएन श्रीवास्तव, धीरेंद्र प्रताप सिंह और अन्य प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।





