आशु भटनागर। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा – YEIDA) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नियाल – NIAL) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह के कार्यकाल को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक क्षमता पर भरोसा जताते हुए उन्हें एक साल का सेवा विस्तार (पुनर्नियोजन) दे दिया है।
बुधवार की देर रात औद्योगिक विकास विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया। आदेश के तहत, आईएएस अधिकारी राकेश कुमार सिंह अगले एक वर्ष तक यीडा और जेवर एयरपोर्ट की कमान संभालने वाली संस्था ‘नियाल’ के सीईओ पद पर बने रहेंगे।
राकेश कुमार सिंह के सेवा विस्तार का पिछला कार्यकाल बीते 30 सितंबर को समाप्त हो गया था। यह दूसरी बार है जब सरकार ने उन्हें सेवा विस्तार दिया है। उनके कार्यकाल के समाप्त होने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि जेवर एयरपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के क्रियान्वयन को देखते हुए सरकार उन्हें दोबारा कमान सौंप सकती है।
सूत्रों के अनुसार, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चल रही कई बड़ी और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को पूरा कराने में राकेश कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी मजबूत प्रशासनिक पकड़ और पारदर्शी कार्यशैली को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है।




