नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के नवनिर्मित कार्यालय भवन के उद्घाटन समारोह के दौरान नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने एक स्पष्ट और मुखर रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने स्थानीय जनहित के मुद्दे प्रमुखता से रखे। एक ओर जहां उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया, वहीं दूसरी ओर मंच से ही नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली और कमियों पर सवाल खड़े किए।
किसानों के हितों के लिए हाई पावर कमेटी की सिफारिशों पर जोर विधायक पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए गठित ‘हाई पावर कमेटी’ की सिफारिशों को बिना देरी के लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और इन सिफारिशों का क्रियान्वयन लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में एक अहम कदम होगा।
होम बायर्स के लिए न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग समारोह के दौरान होम बायर्स की दुर्दशा का जिक्र करते हुए पंकज सिंह ने कहा कि रजिस्ट्री से जुड़े जो मामले अभी भी लंबित हैं, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले में दोषी पाए जाने वाले बिल्डर्स और लापरवाह अधिकारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि उसका खामियाजा निर्दोष होम बायर्स को न भुगतना पड़े और उन्हें हर हाल में राहत मिलनी चाहिए।
सरकार की उपलब्धियों के साथ प्राधिकरण की खामियों पर भी बोले विधायक अपने संबोधन में पंकज सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया, लेकिन साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष नोएडा प्राधिकरण के कामकाज में आ रही बाधाओं और खामियों को भी बेबाकी से रखा। सत्तापक्ष का विधायक होने के बावजूद प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना यह दर्शाता है कि स्थानीय मुद्दों को हल करने के लिए विधायक किस हद तक प्रतिबद्ध हैं।

मंच पर मौजूद रहे दिग्गज नेता इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी, कैबिनेट मंत्री (औद्योगिक विकास) नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर शामिल थे। साथ ही, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल नागर की उपस्थिति ने भी इस आयोजन की गंभीरता को बढ़ाया।



